जर्जर आंगनबाड़ी भवन खाली और बंद, सरपंच ने नए भवन के निर्माण हेतु कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
चंदन जायसवाल कसडोल,
जिले के अंतर्गत आने वाले जनपद पंचायत कसडोल की ग्राम पंचायत कोट (क) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 का भवन इन दिनों भारी बदहाली का सामना कर रहा है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव और जीर्ण-शीर्ण हालत के चलते इस शासकीय भवन को वर्तमान में पूरी तरह खाली और बंद किया हुआ है। भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, जिसके कारण नए भवन के निर्माण की आवश्यकता जताई जा रही है।अभिभावकों में असुरक्षा का माहौल, दूर जाने को मजबूर नौनिहाल प्राप्त जानकारी के अनुसार, एकीकृत बाल विकास परियोजना कसडोल के तहत संचालित इस आंगनबाड़ी केंद्र की इमारत का ढांचा अत्यंत कमजोर हो चुका है। दीवारों का प्लास्टर पूरी तरह उखड़ चुका है और छत की स्थिति भी चिंताजनक है। हादसे की आशंका को देखते हुए अभिभावक अपने बच्चों को इस केंद्र में भेजने से बच रहे हैं। सुरक्षा कारणों से वर्तमान में यह केंद्र खाली और बंद किया हुआ है, जिसके फलस्वरूप बच्चों को मजबूरीवश दूर स्थित अन्य केंद्रों में जाना पड़ रहा है। इससे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
सरपंच ने 17 अगस्त दिन सोमवार को की नए भवन की मांग ग्रामीणों व बच्चों को आ रही इस व्यावहारिक समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत कोट (क) की सरपंच श्रीमती अनिता नंद लाल केवट ने मामले में पहल की है। दिनांक 17 अगस्त, दिन सोमवार को उन्होंने जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा को एक औपचारिक व लिखित आवेदन प्रस्तुत कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया है। सौंपे गए आवेदन में आग्रह की है कि बच्चों की सुरक्षा और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस जर्जर पुराने भवन के स्थान पर नए सर्वसुविधायुक्त आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से इस जनहित के विषय पर अविलंब संज्ञान लेते हुए नए भवन का निर्माण कार्य शुरू कराने की पुरजोर अपील की है, ताकि क्षेत्र के नौनिहालों को पुनः एक सुरक्षित शैक्षणिक माहौल मिल सके।
About The Author

