छरछेद के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 03 में हुआ ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रमगर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास के प्रति किया गया जागरूक
चंदन जायसवाल कसडोल,
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत छरछेद के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 03 में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती माताओं, शिशुवती माताओं, बच्चों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा समुचित विकास को लेकर जागरूकता बढ़ाना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग छरछेद सेक्टर की महिला पर्यवेक्षक तनूजा घृतलहरे, जनपद सदस्य लीजा सिद्धांत मिश्रा एवं ग्राम पंचायत छरछेद के सरपंच भरत दास मानिकपुरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित माताओं एवं बच्चों से संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता तथा बच्चों के उचित देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से माताओं को बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने, समय पर टीकाकरण कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में माताओं को बच्चों के नियमित विकास की निगरानी एवं पोषण संबंधी आदतों को लेकर भी जागरूक किया गया।
माताओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में शिशुवती माताओं एवं गर्भवती महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं। उपस्थित ग्रामीणों को आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव बचपन से ही मजबूत करनी जरूरी है। इसके लिए पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को गांव में माताओं एवं बच्चों तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इनकी रही महत्वपूर्ण सहभागिता
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं अंजनी कोसले, चंद्रकांता साहू, मीना पावले एवं रुखमणि कोसले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं मितानिन पूर्णिमा भट्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में शिशुवती माताएं, गर्भवती माताएं, बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
About The Author

