सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कसडोल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन

चंदन जायसवाल कसडोल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल में बुधवार, 9 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) दिवस का आयोजन किया गया। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रसवपूर्व जांच, हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. वंदना भेले, BMO एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, द्वारा गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई। इस दौरान गर्भावस्था के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं की पहचान कर हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं उचित प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई वहीं डॉ. तनिष्का द्वारा भी गर्भवती महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श किया गया। शिविर में महिलाओं का ब्लड टेस्ट, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गर्भवती महिलाओं को पोषण, संतुलित खान-पान, आयरन एवं आवश्यक पोषक तत्वों के सेवन के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी या असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की सलाह दी गई।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में पहुंची गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में जांच एवं परामर्श का लाभ मिला।

About The Author

इन्हें भी पढ़े