कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर 30 सितंबर को संभागीय धरना, प्रदर्शन एवं रैली छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ सहित संबद्ध संगठनों ने आंदोलन की तैयारी की

चंदन जायसवाल

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज दुबे द्वारा एवं पेंशनर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पी,के,हिरवानी द्वारा एवं संबद्ध कर्मचारी संगठनों द्वारा कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर 30 सितंबर 2026 को एक दिवसीय संभागीय धरना, प्रदर्शन एवं रैली आयोजित की जाएगी। यह आंदोलन “मोदी की गारंटी लागू करो” की मांग को लेकर किया जा रहा है।

संघ के अनुसार कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूर्व में शासन स्तर पर ज्ञापन एवं ध्यानाकर्षण कराया गया। प्रदेश के सभी तहसील एवं जिला मुख्यालयों में कलेक्टर/अनुविभागीय अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपे गए। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों को भी मांगों से अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित निर्णय नहीं होने के कारण संघ द्वारा आंदोलन का निर्णय लिया गया है।

प्रमुख मांगें

केंद्र की तिथि 1 जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किए जाने तथा प्रदेश के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता एवं पेंशनरों को महंगाई राहत प्रदान करने की मांग।

कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग।

केंद्र एवं मध्यप्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को 240 दिवस के स्थान पर 300 दिवस का अवकाश नगदीकरण लाभ देने की मांग।

ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक का वेतनमान पुनरीक्षित किए जाने की मांग।

प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए शिक्षक एलबी संवर्ग को संपूर्ण सेवा का लाभ देने की मांग।

शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के स्थान पर सीमित विभागीय परीक्षा का प्रावधान किए जाने की मांग।

प्रदेश में अनुकंपा नियुक्ति की 10 प्रतिशत सीमा समाप्त कर अनुकंपा नियुक्ति के सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण करने की मांग।

संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियमित किए जाने तथा सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग।

संबद्ध संगठनों की मांगें भी आंदोलन में शामिल

संघ के अनुसार संबद्ध संगठनों की मांगों में ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक का पदनाम बदलकर ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी एवं सेक्टर स्वास्थ्य पर्यवेक्षक का पदनाम सेक्टर स्वास्थ्य अधिकारी किए जाने, आईटीडीए के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को समयमान वेतन एवं पदोन्नति का लाभ देने तथा छात्रावास अधीक्षकों सहित विभिन्न पदों पर विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति का अवसर प्रदान करने की मांग शामिल है।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित के मूल कर्मचारियों का वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संविलियन, शासन के आरक्षण नियमों के अनुसार पदोन्नति, वर्क डिपार्टमेंट के तकनीकी संवर्ग के कर्मचारियों को निर्धारित समयावधि में पदोन्नति तथा पेंशनरों के लिए भी कैशलेस चिकित्सा योजना लागू करने की मांग रखी गई है।

सुबह 11:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक कार्यक्रम

संघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर 2026 को प्रातः 11:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक संभागीय स्तर पर धरना-प्रदर्शन एवं रैली आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से कर्मचारियों की मांगों को शासन तक पहुंचाते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की जाएगी।

निवेदक — छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ पेंशनर एसोसिएशन एवं संबद्ध कर्मचारी संगठन।

About The Author

इन्हें भी पढ़े