सेमरिया के गौतम लाल साहू को मिला युवा सम्मान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया सम्मानित

चंदन जायसवाल

बलौदाबाजार/कसडोल। ग्राम सेमरिया, कसडोल निवासी युवा पत्रकार गौतम लाल साहू, पिता विश्वनाथ साहू को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए युवा सम्मान से सम्मानित किया गया। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गौतम लाल साहू को सम्मान प्रदान किया।

यह सम्मान IBC24 की ओर से पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके कार्य और योगदान के लिए प्रदान किया गया। ग्रामीण अंचल से निकलकर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले गौतम लाल साहू ने समाचार लेखन, समाचार संकलन और विभिन्न समसामयिक विषयों को लोगों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाई है।

साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाले गौतम ने पत्रकारिता को अपना कर्मक्षेत्र बनाया और लगातार सीखते हुए इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री के हाथों मिले इस सम्मान को उन्होंने अपने लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

सम्मान मिलने पर गौतम लाल साहू ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों, वरिष्ठों और IBC24 परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे भी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने का प्रयास करेंगे।

गौतम लाल साहू को मिले इस सम्मान पर ग्राम सेमरिया सहित कसडोल क्षेत्र के लोगों, परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

About The Author

इन्हें भी पढ़े