यह महात्मा गांधी का देश है, यहाँ हिंसा से आज़ादी माँगने से पहले अहिंसा के मार्ग पर चला जाता है।

चंदन जायसवाल कसडोल

यह भगत सिंह का देश है,
यहाँ बंदूक से क्रांति लाने से पहले कलम से क्रांति लाई जाती है।

यह महात्मा गांधी का देश है,
यहाँ हिंसा से आज़ादी माँगने से पहले अहिंसा के मार्ग पर चला जाता है।

यह सुभाष चंद्र बोस का देश है,
यहाँ आज़ादी के लिए अपना रक्त तक बहा दिया जाता है।

यह रानी लक्ष्मीबाई का देश है,
यहाँ पर्दे में छिपकर नहीं, बल्कि वीरता के साथ तलवार उठाई जाती है।

यह सरदार वल्लभभाई पटेल का देश है,
यहाँ सिखाया जाता है कि एकता में ही शक्ति है।

यह चंद्रशेखर आज़ाद का देश है,
यहाँ मर जाना स्वीकार है, पर दुश्मन के हाथ जीवित पड़ना स्वीकार नहीं।

यह बाल गंगाधर तिलक का देश है,
यहाँ स्वराज प्रत्येक भारतीय का जन्मसिद्ध अधिकार है।

यह लाला लाजपत राय का देश है,
यहाँ आज़ादी के लिए लड़ते हुए मरना स्वीकार है, लेकिन जीते-जी गुलामी स्वीकार नहीं।

यह जवाहरलाल नेहरू का देश है,
यहाँ देश के लिए धन, संपत्ति और सुख-सुविधाएँ तक न्योछावर कर दी जाती हैं।

यह अशफ़ाक़ उल्ला ख़ाँ का देश है,
यहाँ देशप्रेम में शायर भी हँसते-हँसते अपने प्राण न्योछावर कर देते हैं।

यह राम प्रसाद बिस्मिल का देश है,
यहाँ देश के लिए लोगों के दिलों में सरफ़रोशी की तमन्ना बसती है।

यह शिवराम राजगुरु का देश है,
यहाँ देश के लिए जान भी दी जा सकती है और आवश्यकता पड़ने पर जान भी ली जा सकती है।

यह सुखदेव थापर का देश है,
यहाँ मातृभूमि के लिए फाँसी के फंदे पर चढ़ जाना भी स्वीकार है।

यह बटुकेश्वर दत्त का देश है,
यहाँ मातृभूमि के प्रेम में आजीवन कारावास भी सहर्ष स्वीकार है।

यह जतिंद्रनाथ दास का देश है,
यहाँ मातृभूमि के लिए अनशन करते-करते अपने प्राणों का बलिदान दे दिया जाता है।

मेरा देश भारत हर उस भारतवासी का देश है,
जिसने भारत की आबादी (समृद्धि) चाही है,
जिसने भारत की आज़ादी चाही है।

लेकिन भारत यदि किसी का नहीं है,
तो उनका नहीं है जिन्होंने भारत की सत्ता पर बैठकर भारत को बर्बाद करना चाहा है,
भारत को अपना गुलाम बनाना चाहा है,
भारत की गरिमा को तार-तार करना चाहा है,
भारत की मिट्टी में जन्म लेकर उसी भारत को मिट्टी में मिलाना चाहा है।

ऐसी सोच अंततः स्वयं ही मिट्टी में मिल जाती है।

क्योंकि मेरा देश भारत आज़ाद है, आबाद है, और हमेशा रहेगा। 🇮🇳
– मानसी

About The Author

इन्हें भी पढ़े